By tackling these RBSE Solutions Class 6 Science and RBSE Class 6 Science Chapter 3 Question Answer in Hindi उचित आहार – स्वस्थ शरीर का आधार, students will build a solid foundation in the topic.
Class 6th Science Chapter 3 Question Answer in Hindi Medium
Science Class 6 Chapter 3 Question Answer in Hindi
पृष्ठ 46
प्रश्न 1.
क्या हमें सभी पोषक तत्व पौधों और जंतुओं से प्राप्त होते हैं?
उत्तर:
नहीं, नमक जैसे पोषक तत्त्व समुद्र के पानी या चट्टानों से प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही, सूरज की रोशनी के संपर्क में आने पर हमारे शरीर में प्राकृतिक रूप से विटामिन D बनता है।
पृष्ठ 47
प्रश्न 2.
वे कौन से खाद्य स्रोत हैं, जो हमारे शरीर को जल प्रदान करते हैं?
उत्तर:
विभिन्न प्रकार की सब्जियाँ, फल एवं दूध प्रमुख खाद्य स्रोत हैं, जो हमारे शरीर को जल प्रदान करते हैं। पृष्ठ 54
प्रश्न 3.
स्थानीय भोजन खाने से किस प्रकार खाद्य मील को कम किया जा सकता है?
उत्तर:
स्थानीय भोजन का निर्माण उस क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों द्वारा किया जाता है। इससे उत्पादक से उपभोक्ता तक पहुँचने में खाद्य पदार्थों को काफी कम दूरी तय करनी पड़ती है जिसके परिणामस्वरूप खाद्य मील कम हो जाता है।
पाठ्यपुस्तक के प्रश्न
प्रश्न 1.
निम्नलिखित में से असंगत को चुनें और कारण बताएँ-
(क) ज्वार, बाजरा, रागी, चना (ख) राजमा, मूँग, सोयाबीन, चावल
उत्तर:
(क) ‘चना’ असंगत है क्योंकि चना दालों में शामिल किया जाता है जबकि ज्वार, बाजरा, रागी को कदन्न (मिलेट) में शामिल किया जाता है।
(ख) ‘चावल’ असंगत है क्योंकि चावल अनाज है जबकि राजमा, मूँग, सोयाबीन दलहन (दाल) है।
![]()
प्रश्न 2.
भारत में पारंपरिक और आधुनिक पाक पद्धतियों की तुलना करते हुए चर्चा करें।
उत्तर:
भारत में पारंपरिक और आधुनिक पाक पद्धतियों में बहुत अंतर आ गया है। पहले के समय में भोजन पकाने के लिए अधिकतर पारंपरिक चूल्हों का उपयोग किया जाता था। अब भोजन पकाने के लिए अधिकतर लोग आधुनिक गैस चूल्हों का उपयोग करते हैं। पहले के समय में पत्थर के सिल बट्टे का उपयोग कर हाथों से पीसने का कार्य किया जाता था। इन दिनों खाद्य पदार्थों को पीसने के लिए इलैक्ट्रिक ग्राईंडर का उपयोग करते हैं। समय के साथ पाक पद्धतियों में इन परिवर्तनों के प्रमुख कारण तकनीकी विकास, बेहतर परिवहन और बेहतर संचार साधन हैं।
प्रश्न 3.
शिक्षक का कहना है कि अच्छा आहार औषधि के रूप में कार्य कर सकता है। रवि इस कथन को लेकर उत्सुक है और वह अपने शिक्षक से कुछ प्रश्न पूछना चाहता है। कम से कम ऐसे दो प्रश्न सूचीबद्ध करें, जो वह पूछ सकता है।
उत्तर:
रवि अपने शिक्षक से निम्न प्रश्न पूछ सकता है-
- आपका अच्छे आहार से क्या तात्पर्य है?
- अच्छे आहार में ऐसे कौन से तत्व पाए जाते हैं जो औषधि के रूप में कार्य कर सकते हैं?
प्रश्न 4.
सभी स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ आवश्यक रूप से स्वास्थ्यप्रद नहीं होते, और सभी पौष्टिक खाद्य पदार्थ सदैव आनंददायक नहीं होते। कुछ उदाहरणों के साथ अपने विचार साझा करें।
उत्तर:
सभी स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ आवश्यक रूप से स्वास्थ्यप्रद नहीं होते हैं। जैसे आलू के चिप्स, टॉफी, कार्बोनेटेड पेय खाने में स्वादिष्ट लगते हैं लेकिन इनके अधिक सेवन से व्यक्ति में मोटापा हो सकता है, साथ ही अन्य स्वास्थ्य संबंधी रोगों से भी पीड़ित हो सकता है। इसी प्रकार सभी पौष्टिक खाद्य पदार्थ सदैव आनंददायक हों, आवश्यक नहीं है। कई सब्जियाँ व फल स्वाद में कड़वे या कसैले जैसे – करेला आदि लेकिन ये शरीर के लिए आवश्यक पौष्टिक तत्वों से भरपूर होते हैं।
प्रश्न 5.
मेदू सब्जियाँ नहीं खाता लेकिन बिस्कुट, नूडल्स और डबल रोटी (सफेद ब्रेड) का आनंद लेता है। उसे अक्सर पेट में दर्द और कब्ज की शिकायत रहती है। इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए उसे अपने आहार में क्या बदलाव करना चाहिए? अपने उत्तर को विस्तार से समझाइए।
उत्तर:
मेदू को पेट दर्द और कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए अपने आहार में आहारीय रेशे (रूक्षांश) युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। आहारीय रेशे शरीर को अनपचे आहार से छुटकारा दिलाने में मदद करते हैं और मल के सुचारू निकास को सुनिश्चित करते हैं।
![]()
प्रश्न 6.
रेशमा को कम रोशनी में देखने में कठिनाई हो रही थी। चिकित्सक ने उसकी दृष्टि का परीक्षण किया और एक विशेष विटामिन पूरक (सप्लीमेंट) लेने की सलाह दी। उन्होंने उसे अपने आहार में कुछ खाद्य पदार्थों को सम्मिलित करने की भी सलाह दी।
(क) वह किस अभावजन्य रोग से पीड़ित है?
(ख) उसके आहार में किस खाद्य घटक की कमी हो सकती है?
(ग) कुछ खाद्य पदार्थों (किन्ही चार) का सुझाव दें, जिन्हें इस समस्या को दूर करने के लिए उसे अपने आहार में सम्मिलित करना चाहिए।
उत्तर:
(क) रेशमा ‘रतौंधी’ (दृष्टि का ह्रास या क्षति) अभावजन्य रोग से पीड़ित है।
(ख) उसके आहार में ‘विटामिन A’ की कमी हो सकती है।
(ग) उसे इस समस्या को दूर करने के लिए अपने आहार में पपीता, गाजर, आम और दूध शामिल करना चाहिए।
प्रश्न 7.
आपको निम्नलिखित पदार्थ उपलब्ध कराए जाते हैं-
(क) डिब्बाबंद फलों का रस
(ख) ताजे फलों का रस
(ग) ताजे फल
पोषण की दृष्टि से आप किसे लेना पसंद करेंगे और क्यों?
उत्तर:
पोषण की दृष्टि से हम ताजे फल लेना पसंद करेंगे क्योंकि डिब्बाबंद फलों के रस में कुछ परिरक्षक पदार्थ मिले होते हैं। साथ ही डिब्बाबंद फलों के रस तथा ताजे फलों के रस में आहारीय रेशे तथा फलों के छिलकों में पाये जाने वाले कुछ विटामिन अनुपस्थित होते हैं।
प्रश्न 8.
गौरव के पैर की हड्डी टूट गई। उसके चिकित्सक ने हड्डियों को सीधा (संरेखित ) किया और प्लास्टर लगा दिया। चिकित्सक ने उसे कैल्सियम की गोली भी दी। जब वह दूसरी बार दिखाने गया तब चिकित्सक ने उसे कैल्सियम की गोली के साथ विटामिन D युक्त सिरप भी पीने के लिए दिया । पाठ्यपुस्तक के चित्र 3.5 का संदर्भ लें और निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दें-
(क) चिकित्सक ने गौरव को कैल्सियम की गोली क्यों दी?
(ख) दूसरी बार देखने पर चिकित्सक ने उसे कैल्सियम की गोली के साथ विटामिन D सिरप भी क्यों दिया?
(ग) चिकित्सक द्वारा दी जाने वाली दवाओं के चयन के बारे में आपके मन में क्या सवाल उठता है?
उत्तर:
(क) कैल्सियम हमारी अस्थियों को स्वस्थ रखता है इसलिए चिकित्सक ने गौरव को कैल्सियम की गोली दी।
(ख) विटामिन D अस्थियों के स्वास्थ्य के लिए शरीर में कैल्सियम के अवशोषण में सहायक है, इसलिए चिकित्सक ने उसे कैल्सियम की गोली के साथ विटामिन- D सिरप दी।
(ग) चिकित्सक ने पहले विटामिन D सिरप क्यों नहीं दी ? चिकित्सक ने दोनों दवायें पहली बार में ही क्यों नहीं दी?
प्रश्न 9.
चीनी कार्बोहाइड्रेट का एक उदाहरण है। चीनी का परीक्षण जब आयोडीन विलयन से किया जाता है लेकिन इसका रंग नीला काला नहीं होता है। इसका संभावित कारण क्या हो सकता है?
उत्तर:
आयोडीन विलयन कार्बोहाइड्रेट के मंड (स्टार्च) रूप के साथ नीला – काला रंग देता है। चीनी कार्बोहाइड्रेट का उदाहरण है लेकिन इसमें मंड (स्टार्च) रूप अनुपस्थित होता है। इसलिए चीनी का परीक्षण जब आयोडीन विलयन से किया जाता है तो इसका रंग नीला – काला नहीं होता है।
प्रश्न 10.
आप रमन के इस कथन के बारे में क्या सोचते हैं, “सभी मंड (स्टार्च) कार्बोहाइड्रेट हैं लेकिन सभी कार्बोहाइड्रेट मंड नहीं है।” अपने उत्तर की जाँच करने के लिए किसी क्रियाकलाप की योजना का वर्णन करें।
उत्तर:
“सभी मंड (स्टार्च) कार्बोहाइड्रेट हैं लेकिन सभी कार्बोहाइड्रेट मंड नहीं है।” इस कथन की जाँच के लिए हम एक क्रियाकलाप कर सकते हैं।
मंड (स्टार्च) की उपस्थिति को आयोडीन विलयन की सहायता से ज्ञात किया जा सकता है क्योंकि यह मंड के साथ नीला – काला रंग दर्शाता हैं।
- सर्वप्रथम हम कार्बोहाइड्रेट के स्रोत के रूप में आलू का एक टुकड़ा तथा थोड़ी सी चीनी लेते हैं।
- दोनों पदार्थों को हम अलग-अलग प्लेट में रखते हैं।
- ड्रॉपर की सहायता से दोनों खाद्य पदार्थों पर तनु आयोडीन विलियन की 2-3 बूंदें डालते हैं। 4. अब अवलोकन करते हैं कि दोनों खाद्य पदार्थों के रंग में कोई परिवर्तन आया है या नहीं।
- हम देखते हैं कि जिस प्लेट में आलू का टुकड़ा रखा था वह नीला – काला रंग दर्शाता है जो आलू में मंड (स्टार्च) की उपस्थिति की पुष्टि करता है। लेकिन दूसरी प्लेट जिसमें चीनी रखी थी उसमें नीला-काला रंग दिखाई नहीं देता है। इस प्रकार चीनी कार्बोहाइड्रेट होते हुए भी मंड (स्टार्च) की उपस्थिति को नहीं दर्शाती है। अतः हम कह सकते हैं कि सभी मंड (स्टार्च) कार्बोहाइड्रेट हैं लेकिन सभी कार्बोहाइड्रेट मंड नहीं हैं।
प्रश्न 11.
प्रयोगशाला में आयोडीन का प्रयोग करते समय आयोडीन की कुछ बूँदे मिष्टी के मोज़े पर तथा उसकी शिक्षिका की साड़ी पर गिरीं। साड़ी पर आयोडीन की बूंदें नीली – काली हो गईं जबकि मोजे पर आयोडीन का रंग नहीं बदला। इसका संभावित कारण क्या हो सकता है?
उत्तर:
आयोडीन विलयन मंड (स्टार्च) के साथ नीला- काला रंग देता है। शिक्षिका की साड़ी पर गिरी आयोडीन की बूंदे नीली- काली हो गई क्योंकि साड़ी सूती कपड़े से बनी होगी। सूती कपड़ा कपास के रेशों से बनता है जिसमें मंड (स्टार्च) उपस्थित होता है। जबकि मिष्टी के मोजे पर गिरीं आयोडीन की बूंदों ने रंग नहीं बदला क्योंकि संभवत: मिष्टी के मोजे कृत्रिम रेशों के कपड़े से बने हुए होंगे।
![]()
प्रश्न 12.
कदन्न को एक स्वास्थ्यप्रद आहार क्यों माना जाता है? क्या केवल कदन्न खाने से शरीर की पोषण संबंधी सभी आवश्यकताएँ पूरी हो सकती हैं? चर्चा करें।
उत्तर:
कदन्न ( मिलेट) को एक स्वास्थ्यप्रद आहार माना जाता है क्योंकि ये हमारे शरीर को सामान्य कार्य करने के लिए आवश्यक मात्रा में पोषक तत्व प्रदान करते हैं। परन्तु केवल कदन्न खाने से शरीर को पोषण संबंधी सभी आवश्यकताएँ पूरी नहीं हो सकती हैं क्योंकि कुछ विटामिन व खनिजों के लिए अन्य खाद्य पदार्थों की आवश्यकता होती है।
प्रश्न 13.
आपको विलयन का एक नमूना दिया गया है। आप इसके आयोडीन विलयन होने की संभावना की जाँच किस प्रकार करेंगे?
उत्तर:
आयोडीन विलयन मंड (स्टार्च) के साथ नीला- काला रंग देता है। इसलिए नमूने के आयोडीन विलयन होने की संभावना जाँचने के लिए इसकी कुछ बूँदें आलू के टुकडे पर डालेंगें जो मंड (स्टार्च) का अच्छा स्रोत है। यदि बूंदे नीला काला रंग दर्शाती हैं तो यह आयोडीन विलयन होने की पुष्टि करता है और यदि यह रंग परिवर्तन नहीं होता है तो दिया गया नमूना आयोडीन विलयन नहीं है।
RBSE Class 6 Science Chapter 3 Important Questions in Hindi
बहुचयनात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
इरोम्बा, ऊति, सिंग्जू किस राज्य के पारंपरिक खाद्य पदार्थ हैं—
(अ) कर्नाटक
(ब) मणिपुर
(स) असम प्रश्न
(द) पश्चिम बंगाल
उत्तर:
(ब) मणिपुर
प्रश्न 2.
वसा का अच्छा स्रोत है-
(अ) गेहूँ
(ब) अनानास
(स) बादाम
(द) शकरकंद
उत्तर:
(स) बादाम
प्रश्न 3.
खाद्य मशरूम किससे समृद्ध खाद्य पदार्थ है-
(अ) प्रोटीन
(ब) कार्बोहाइड्रेट
(स) वसा
(द) जल
उत्तर:
(अ) प्रोटीन
![]()
प्रश्न 4.
रक्ताल्पता (एनीमिया) किस पोषक तत्त्व की कमी से होने वाला रोग है-
(अ) कैल्सियम
(ब) आयरन
(स) आयोडीन
(द) विटामिन B1
उत्तर:
(ब) आयरन
प्रश्न 5.
निम्न में से कौन से खाद्य पदार्थ विटामिन B1 के प्रमुख स्रोत हैं—
(अ) आम, गाजर, पपीता
(ब) पनीर, अलसी के बीज, चावल
(स) टमाटर, नींबू, आँवला
(द) मक्खन, अंडा, खाद्य मशरूम
उत्तर:
(ब) पनीर, अलसी के बीज, चावल
प्रश्न 6.
सुरक्षात्मक पोषक तत्व कहलाते हैं-
(अ) प्रोटीन
(ब) कार्बोहाइड्रेट
(स) वसा
(द) विटामिन और खनिज
उत्तर:
(द) विटामिन और खनिज
प्रश्न 7.
मंड (स्टार्च) किसका उदाहरण है-
(अ) वसा
(ब) विटामिन
(स) कार्बोहाइड्रेट
(द) खनिज
उत्तर:
(स) कार्बोहाइड्रेट
प्रश्न 8.
‘जंक फूड’ का उदाहरण नहीं है-
(अ) आलू के चिप्स
(ब) टॉफी
(स) कार्बोनेटेड पेय
(द) भुने हुए चने
उत्तर:
(द) भुने हुए चने
प्रश्न 9.
कदन्न ( मिलेट) में शामिल खाद्य पदार्थ है–
(अ) गेहूँ-चावल
(ब) चना-मूँग
(स) रागी – सांवा
(द) अलसी-मूँगफली
उत्तर:
(स) रागी – सांवा
![]()
प्रश्न 10.
हमारा शरीर सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में कौनसा विटामिन बनाता है?
(अ) विटामिन A
(ब) विटामिन B1
(स) विटामिन C
(द) विटामिन D
उत्तर:
(द) विटामिन D
रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए
1. खाना पकाते समय उच्च ताप के कारण उनमें से विटामिन ___________ जैसे पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं।
उत्तर:
C
2. हमारे आहार में रूक्षांश मुख्य रूप से ___________ उत्पादों द्वारा प्रदान किया जाता है।
उत्तर:
पादप
3. हमारे शरीर में ___________ ऊर्जा का एक संग्रहित स्रोत है।
उत्तर:
वसा
4. सभी अभावजन्य रोगों की रोकथाम ___________ आहार लेने से की जा सकती है।
उत्तर:
संतुलित
5. प्रोटीन समृद्ध खाद्य पदार्थ हमारे शरीर की ___________ और ___________ में सहायता करते हैं।
उत्तर:
वृद्धि, मरम्मत
6. मसूड़ो से रक्त आना और उनमें सूजन होना ______________ रोग के लक्षण हैं।
उत्तर:
स्कर्वी
निम्न में से सत्य / असत्य कथन छाँटिए
1. ग्लूकोज प्रोटीन का एक उदाहरण है। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
असत्य
2. विटामिन और खनिजों को सुरक्षात्मक पोषक तत्व कहा जाता है। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
सत्य
3. फल और साग आहारीय रेशे (फाइबर) से भरपूर होते हैं। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
सत्य
4. सभी व्यक्तियों की पोषण संबंधी आवश्यकताएँ समान होती हैं। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
असत्य
कॉलम – 1 में दिए गए शब्दों का मिलान कॉलम- 2 से कीजिए
प्रश्न 1.
| कॉलम 1 | कॉलम 2 |
| (1) बेरी-बेरी | (A) सूजन, हाथों व पैरों में जलन |
| (2) रिकेट्स | (B) गर्दन के अग्र भाग में सूजन |
| (3) घेंघा (गॉयटर) | (C) अस्थियों का मुलायम होकर मुड़ जाना |
| (4) रक्ताल्पता (एनीमिया) | (D) दुर्बलता व साँस लेने में कठिनाई |
उत्तर:
| कॉलम 1 | कॉलम 2 |
| (1) बेरी-बेरी | (A) सूजन, हाथों व पैरों में जलन |
| (2) रिकेट्स | (C) अस्थियों का मुलायम होकर मुड़ जाना |
| (3) घेंघा (गॉयटर) | (B) गर्दन के अग्र भाग में सूजन |
| (4) रक्ताल्पता (एनीमिया) | (D) दुर्बलता व साँस लेने में कठिनाई |
प्रश्न 2.
| कॉलम 1 | कॉलम 2 |
| (1) भोजन पाचन में सहायक | (A) प्रोटीन |
| (2) वृद्धि के लिए आवश्यक | (B) कार्बोहाइड्रेट |
| (3) रोगों से रक्षा | (C) विटामिन |
| (4) ऊर्जा का मुख्य स्रोत | (D) रूक्षांश |
उत्तर:
| कॉलम 1 | कॉलम 2 |
| (1) भोजन पाचन में सहायक | (D) रूक्षांश |
| (2) वृद्धि के लिए आवश्यक | (A) प्रोटीन |
| (3) रोगों से रक्षा | (C) विटामिन |
| (4) ऊर्जा का मुख्य स्रोत | (B) कार्बोहाइड्रेट |
अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
पाक पद्धतियों से आप क्या समझते हैं?
उत्तर:
भोजन पकाने की पद्धतियों को पाक पद्धतियाँ कहते हैं।
![]()
प्रश्न 2.
जब आप खाना नहीं खाते हैं तो आपको कैसा अनुभव होता है?
उत्तर:
जब हम कुछ समय तक भोजन नहीं करते हैं। तो हम थका हुआ और कम ऊर्जावान अनुभव करते हैं।
प्रश्न 3.
एक मैराथन धावक दौड़ के समय और उसके पश्चात् ग्लूकोज युक्त पानी क्यों पीता है?
उत्तर:
ग्लूकोस शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसलिए मैराथन धावक ग्लूकोजयुक्त पानी पीता है।
प्रश्न 4.
सर्दियों में पारंपरिक आहार के रूप में लड्डू क्यों खाये जाते हैं?
उत्तर:
लड्डू घी और मेवे से भरपूर होते हैं जो सर्दियों में हमारे शरीर को गरम रखने के लिए ऊर्जा प्रदान करते हैं।
प्रश्न 5.
ऊर्जा प्रदायी भोजन’ किसे कहते हैं ?
उत्तर:
‘कार्बोहाइड्रेट और वसा हमें विभिन्न गतिविधियाँ करने के लिए ऊर्जा प्रदान करते हैं इस कारण इन्हें ऊर्जा प्रदायी भोजन कहते हैं।
प्रश्न 6.
‘खाद्य मशरूम’ क्या होते हैं ?
उत्तर:
खाद्य मशरूम प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है जो अंधेरे और नमी वाले स्थानों पर उगते हैं।
प्रश्न 7.
नींबू और संतरे स्कर्वी रोग के उपचार में किस प्रकार सहायक होते हैं?
उत्तर:
स्कर्वी रोग विटामिन C की कमी के कारण होता है। विटामिन C खट्टे फलों जैसे नींबू और संतरे में पाया जाता है, जो इस रोग को दूर करने में सहायता करता है।
प्रश्न 8.
‘आयोडीनयुक्त नमक से आप क्या समझते हैं?
उत्तर:
आयोडीनयुक्त नमक साधारण नमक ही होता है, जिसमें वांछित मात्रा में आयोडीन के लवण मिलाए जाते हैं।
प्रश्न 9.
‘सुरक्षात्मक पोषक तत्व’ किसे और क्यों कहा जाता है?
उत्तर:
‘विटामिन और खनिजों को सुरक्षात्मक पोषक तत्व कहा जाता है क्योंकि ये हमारे शरीर को रोगों से बचाते हैं और हमें स्वस्थ रखते हैं।
प्रश्न 10.
आपके माता-पिता आपको नियमित रूप से दूध, हरे साग, फल और साबुत अनाज खाने की सलाह क्यों देते हैं?
उत्तर:
ये खाद्य पदार्थ विटामिन और खनिजों से भरपूर होते हैं जो हमारे शरीर की रोगों से रक्षा कर हमें स्वस्थ बनाये रखते हैं।
प्रश्न 11.
हमारे आहार में आहारीय रेशे ( रूक्षांश) कहाँ से प्राप्त होते हैं?
उत्तर:
हमारे आहार में रूक्षांश मुख्य रूप से पादप उत्पादों द्वारा प्रदान किए जाते हैं।
![]()
प्रश्न 12.
हमें स्थानीय स्तर पर उगाये हुए तथा पौधों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन क्यों करना चाहिए?
उत्तर:
क्योंकि यह न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि हमारे पर्यावरण और हमारी पृथ्वी के लिए भी लाभदायक है।
प्रश्न 13.
क्या सभी व्यक्तियों की पोषण संबंधी आवश्यकताएँ समान होती हैं?
उत्तर:
नहीं, आहार में पोषक तत्त्वों के प्रकार और मात्रा की आवश्यकता आयु, लिंग शारीरिक गतिविधि, स्वास्थ्य स्थिति, जीवनशैली आदि के अनुसार अलग- अलग हो सकती है।
प्रश्न 14.
‘संतुलित आहार’ किसे कहते हैं?
उत्तर:
ऐसा आहार जिसमें शरीर की समुचित वृद्धि और विकास के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व, रूक्षांश और जल सही मात्रा में हो, उसे संतुलित आहार कहते हैं।
प्रश्न 15.
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) क्या है?
उत्तर:
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण एक सरकारी एजेंसी है, जो भारत में खाद्य गुणवत्ता को नियंत्रित करती है।
प्रश्न 16.
कदन्न (मिलेट) किसे कहते हैं?
उत्तर:
ज्वार, बाजरा, रागी और सांवा जैसे अत्यधिक पौष्टिक अनाजों को कदन्न (मिलेट) कहते हैं।
प्रश्न 17.
कदन्न (मिलेट) को ‘पोषक अनाज क्यों कहा जाता है?
उत्तर:
कदन्न (मिलेट) विटामिन, आयरन और कैल्सियम जैसे खनिजों और आहारीय रेशों के अच्छे स्रोत हैं, इसलिए इन्हें पोषक अनाज कहा जाता है।
प्रश्न 18.
खाद्य मील (फूड माइल) किसे कहते हैं?
उत्तर:
गेहूँ या किसी अन्य खाद्य पदार्थ के थैले द्वारा उत्पादक से उपभोक्ता तक तय की गई कुल दूरी को उसका खाद्य मील (फूड माइल) कहा जाता है
प्रश्न 19.
आप किसी राज्य के पारंपरिक खाद्य पदार्थों और स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली फसलों के मध्य क्या संबंध पाते हैं?
उत्तर:
किसी राज्य का पारंपरिक आहार वहाँ उगाई जाने वाली स्थानीय फसलों पर आधारित होता है।
![]()
प्रश्न 20.
अरुणाचल की ‘अपातानी जनजाति’ किस कार्य हेतु प्रसिद्ध है?
उत्तर:
अरुणाचल प्रदेश की अपातानी जनजाति अपनी आहार संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ‘टैप्यो’ नामक नमक उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है।
लघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
ध्रुवीय भालू शीत निष्क्रियता के समय बिना खाए जीवित कैसे रहता है?
उत्तर:
ध्रुवीय भालू की त्वचा के नीचे बहुत अधिक वसा एकत्रित रहती है। यह वसा ऊर्जा स्रोत के रूप में कार्य करती है । यह उसकी शीत निष्क्रियता ( महीनों लंबी सर्दियों की नींद की अवधि) के समय बिना खाए जीवित रहने में सहायता करती है।
प्रश्न 2.
‘पोषक तत्व’ से क्या तात्पर्य है? प्रमुख पोषक तत्वों के नाम लिखिए।
उत्तर:
जो खाद्य घटक ऊर्जा प्रदान करते हैं, शारीरिक वृद्धि में सहायता तथा रोगों से सुरक्षा एवं रोगों को ठीक करने में सहायता करते हैं और विभिन्न शारीरिक क्रियाओं को सुचारू बनाते हैं; उन्हें पोषक तत्व कहते हैं। आहार के प्रमुख पोषक तत्वों में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन और खनिज शामिल हैं।
प्रश्न 3.
आहारीय रेशे हमारे शरीर को कोई पोषक तत्व प्रदान नहीं करते हैं, फिर भी यह हमारे आहार का आवश्यक घटक क्यों होना चाहिए?
उत्तर:
आहारीय रेशे, जिन्हें रूक्षांश भी कहा जाता है, हमारे शरीर को कोई पोषक तत्व प्रदान नहीं करते हैं, फिर भी यह हमारे आहार का एक आवश्यक घटक होना चाहिए क्योंकि यह हमारे शरीर को अनपचे आहार से छुटकारा दिलाने में मदद करते हैं और मल के सुचारु निकास को सुनिश्चित करते हैं।
प्रश्न 4.
जल हमारे भोजन का एक अनिवार्य अंश क्यों है?
उत्तर:
जल हमारे भोजन का एक अनिवार्य अंश होता है क्योंकि यह भोजन से पोषक तत्वों को अवशोषित करने में शरीर की सहायता करता है। यह पसीने और मूत्र के माध्यम से शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालता है। इसलिए हमें स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से पर्याप्त जल पीना चाहिए।
प्रश्न 5.
‘पीएम पोषण’ योजना क्या है?
उत्तर:
सन् 2002 में मध्याह्न भोजन योजना लागू की गई जिसे “प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पीएम पोषण ) ” कहा जाता है। इस योजना का उद्देश्य भारत के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में संतुलित आहार उपलब्ध कराना है। इस योजना ने देशभर में करोड़ों बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रश्न 6.
‘प्रबलीकरण (फोर्टीफिकेशन )’ से आप क्या समझते हैं? उदाहरण दीजिए।
उत्तर:
प्रबलीकरण (फोर्टीफिकेशन) वह प्रक्रिया है। जिसके द्वारा आहार की पोषण गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए उसमें अधिक पोषक तत्व मिलाए जाते हैं। आयोडीनयुक्त नमक और शिशु आहार फोर्टीफाइड खाद्य पदार्थों के उदाहरण हैं।
![]()
प्रश्न 7.
कच्ची और पकी हुई साग-भाजी में आप क्या अंतर देखते हैं?
उत्तर:
पकाए जाने पर साग-भाजी कभी-कभी अपना चटख रंग खो देती है या नरम और कम कुरकुरी हो जाती है। खाना पकाते समय उच्च ताप के कारण उनमें से विटामिन C जैसे कुछ पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं।
प्रश्न 8.
खिलाड़ियों को अधिक मात्रा में प्रोटीन की आवश्यकता क्यों होती है?
उत्तर:
प्रोटीन हमारे शरीर की वृद्धि और मरम्मत में सहायता करता है। इसलिए खिलाड़ियों को अपनी माँसपेशियाँ बनाने के लिए अधिक मात्रा में प्रोटीन की आवश्यकता होती है।
प्रश्न 9.
1960 के दशक में भारत के हिमालय क्षेत्र और भारत के उत्तरी मैदानी इलाकों में मानव आबादी गर्दन के अगले भाग में सूजन से पीड़ित थी। इसका क्या कारण था और इसके उपचार के लिए क्या प्रयास किया गया?
उत्तर:
भारत के हिमालय तथा उत्तरी मैदानी इलाकों के व्यक्तियों में गर्दन के अगले भाग में सूजन घेंघा (गॉयटर) नामक रोग का लक्षण था। ये लक्षण इन क्षेत्रों की मृदा में आयोडीन की कमी के कारण थे जिसके परिणामस्वरूप स्थानीय भोजन और जल में आयोडीन की कमी हो गई। इस रोग के उपचार के लिए सामान्य नमक में आयोडीन लवणों को डालकर आयोडीन की पूर्ति करने का प्रयास किया गया। ऐसे नमक को आयोडीनयुक्त नमक कहा जाता है।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.
भोजन में उपस्थित प्रमुख खनिज, उनके कार्य, खाद्य स्रोत तथा उनकी कर्मों से होने वाले रोग या विकार एवं लक्षणों को बताइए।
उत्तर:
भोजन में उपस्थित प्रमुख खनिज-

प्रश्न 2.
खाद्य पदार्थ में वसा की उपस्थिति का पता लगाने के लिए एक क्रियाकलाप का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
किसी खाद्य पदार्थ में वसा का परीक्षण निम्न क्रियाकलाप द्वारा किया जा सकता है-
- जिस खाद्य पदार्थ में वसा का परीक्षण करना है, उसकी थोड़ी-सी मात्रा लेते हैं।
- प्रत्येक खाद्य पदार्थ के एक छोटे भाग को कागज के अलग-अलग टुकड़ो पर रखते हैं।
- खाद्य पदार्थ पर कागज को लपेट कर उसे दबाते हैं। ध्यान रखते हैं कि कागज फटे नहीं।
- यदि खाद्य पदार्थ में कुछ पानी हो, तो कागज को सूखने देते हैं।
- अब देखते हैं कि कागज पर किसी प्रकार का तैलीय धब्बा बनता है या नहीं।
- यदि खाद्य पदार्थ में तेल या मक्खन उपस्थित है तो यह कागज पर एक तैलीय धब्बा देता है।
- कागज पर तैलीय धब्बा खाद्य पदार्थ में वसा की उपस्थिति दर्शाता है।
प्रश्न 3.
‘जंक फूड’ क्या होता है? यह हमारे स्वास्थ्य को किस प्रकार प्रभावित करता है?
उत्तर:
वे खाद्य पदार्थ जिनमें उच्च शर्करा और वसा की मात्रा के कारण अधिक कैलोरी होती है लेकिन प्रोटीन, विटामिन, खनिज और आहारीय रेशे बहुत कम मात्रा में होते हैं, जंक फूड कहलाते हैं। इन खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करना हमारे स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है क्योंकि इनके अधिक सेवन से व्यक्ति में मोटापा हो सकता है और ऐसा व्यक्ति अन्य स्वास्थ्य संबंधी रोगों से भी पीड़ित हो सकता है। इसलिए स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार लेना और जंक फूड से परहेज करना आवश्यक है।
प्रश्न 4.
हमारे आहार में उपस्थित दालें प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है। इसका परीक्षण करने के लिए एक क्रियाकलाप का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
दालों में प्रोटीन की उपस्थिति को निम्न परीक्षण द्वारा जाँचा जा सकता है-
- परीक्षण करने के लिए कुछ दालों के नमूने लेते हैं।
- दालों को खरल और मूसल का उपयोग करके उनका पेस्ट या चूर्ण बना लेते हैं।
- दाल के प्रत्येक नमूने का लगभग आधा चम्मच एक अलग साफ परखनली में डालते हैं।
- प्रत्येक परखनली में 2-3 चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह हिलाते हैं।
- ड्रापर की सहायता से अब प्रत्येक परखनली में ‘कॉपर सल्फेट विलयन की दो बूँद डालते हैं।
- अब एक और ड्रापर की सहायता से प्रत्येक परखनली में कास्टिक सोडा विलयन की 10 बूँदे डालते हैं।
- परखनलियों को अच्छे से हिलाकर उन्हें कुछ मिनट तक ऐसे ही रखे रहने देते हैं।
- कुछ समय बाद अवलोकन करने पर हम देखते हैं। कि परखनलियों के पदार्थ बैंगनी रंग के हो गए हैं। बैंगनी रंग खाद्य पदार्थों (यहाँ दालों में) में प्रोटीन की उपस्थिति दर्शाता है।
![]()
प्रश्न 5.
निम्न पर संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए-
(i) शरीर वर्धक भोजन (ii) ऊर्जा प्रदायी भोजन (iii) सुरक्षात्मक पोषक तत्व।
उत्तर:
(i) शरीर वर्धक भोजन – प्रोटीन समृद्ध खाद्य पदार्थ हमारे शरीर की वृद्धि और मरम्मत में सहायता करते हैं, इसलिए इन्हें शरीर वर्धक भोजन कहा जाता है।
(ii) ऊर्जा प्रदायी भोजन – कार्बोहाइड्रेट और वसा हमें विभिन्न गतिविधियों के लिए ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसलिए इनसे समृद्ध खाद्य पदार्थों को ऊर्जा प्रदायी भोजन कहते हैं।
(iii) सुरक्षात्मक पोषक तत्व – विटामिन और खनिजों को सुरक्षात्मक पोषक तत्व कहते हैं क्योंकि ये पोषक तत्व हमारे शरीर को रोगों से बचाते हैं और हमें स्वस्थ रखते हैं।
निबन्धात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
भारत के किन्हीं तीन राज्यों में स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली फसलों तथा उनसे बनने वाले पारंपरिक खाद्य पदार्थों के बारे में बताइए।
उत्तर:
भारत के तीन राज्यों में स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली फसलों तथा उनसे निर्मित पारंपरिक खाद्य पदार्थ-

प्रश्न 2.
भोजन के प्रमुख घटकों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
हमारे भोजन के निम्न प्रमुख घटक हैं-
(1) कार्बोहाइड्रेट- यह हमारे आहार में ऊर्जा के प्राथमिक स्रोतों में से एक है। विभिन्न प्रकार के अनाज जैसे— गेहूँ, चावल और मक्का, साग-भाजी जैसे- आलू व शकरकंद तथा विभिन्न फल जैसे- अनानास, केले और आम कार्बोहाइड्रेट के अच्छे स्रोत हैं।
(2 ) वसा- इसमें घी और विभिन्न प्रकार के तेलों को शामिल किया जाता हैं। वसा के स्रोत जंतु या पादप आधारित हो सकते है। मूँगफली, अखरोट और बादाम जैसे मेवे तथा कद्दू, सूरजमुखी और सरसों के बीज वसा के अच्छे स्रोत हैं। वसा हमारे शरीर में ऊर्जा का एक संग्रहित स्रोत हैं।
(3 ) प्रोटीन – यह हमारे शरीर की वृद्धि और मरम्मत में सहायता करता है। प्रोटीन पौधों के साथ-साथ जंतु उत्पादों से भी प्राप्त किया जाता है। दालें, फलियाँ, मटर और मेवे प्रोटीन के उत्कृष्ट पादप स्रोत हैं। प्रोटीन के कुछ जन्तु स्रोत दूध, पनीर, अंडा, मछली और मांस है।
(4) विटामिन और खनिज विटामिन (A, B, C और D) और खनिज (कैल्सियम, आयोडीन और आयरन) हमारे शरीर की विभिन्न रोगों से रक्षा करते हैं । दूध, हरे साग, फल और साबुत अनाज विटामिन और खनिजों से भरपूर खाद्य पदार्थ हैं।
(5) आहारीय रेशे यह हमारे शरीर को अनपचे आहार से छुटकारा दिलाने में मदद करते हैं और मल के सुचारु निकास को सुनिश्चित करते हैं। हरे पत्तेदार साग, ताजे फल, साबुत अनाज, दालें और मेवे आहारीय रेशे ( रूक्षांश) के अच्छे स्रोत हैं ।
(6) जल- यह भोजन से पोषक तत्वों को अवशोषित करने में शरीर की सहायता करता है। यह पसीने और मूत्र के माध्यम से शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालता है।
प्रश्न 3.
हमारे भोजन में उपस्थित प्रमुख विटामिन का वर्णन निम्न बिन्दुओं के अनुसार कीजिए-
(i) कार्य
(ii) अभावजन्य रोग या विकार
(iii) रोग / विकार के लक्षण
(iv) प्रमुख स्रोत।
उत्तर:
हमारे भोजन में उपस्थित प्रमुख विटामिन-

प्रश्न 4.
खाद्य मील (फूड माइल) को आरेख द्वारा दर्शाते हुए यह समझाइए कि खाद्य मील को कम करना क्यों महत्त्वपूर्ण है?

उत्तर:
खाद्य मील को कम करना महत्त्वपूर्ण है क्योंकि इससे परिवहन के दौरान लागत और प्रदूषण को कम करने में सहायता मिलती है। इससे स्थानीय किसानों के व्यवसायों को सहायता मिलती है और यह हमारे भोजन को अधिक ताजा और स्वास्थ्यवर्धक रखता है।
![]()
RBSE Class 6 Science Chapter 1 Notes in Hindi
- भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहाँ विविध प्रकार की मृदा और जलवायु के आधार पर भिन्न-भिन्न फसलें उगाई जाती हैं।
- भारत के विभिन्न क्षेत्रों में आहारीय प्रवृत्तियाँ उस विशेष क्षेत्र में की जाने वाली खाद्य फसलों की खेती, स्वाद प्राथमिकताओं, संस्कृति और परंपराओं के अनुसार भिन्न-भिन्न होती है।
- भोजन पकाने की पद्धतियाँ जिन्हें पाक पद्धतियाँ कहते हैं, समय के साथ परिवर्तित हो गई है।
- आहार हमें ऊर्जा प्रदान करता है तथा शरीर की वृद्धि और विकास में सहायक है। आहार हमें स्वस्थ रहने में मदद करता है और रोगों से बचाता है।
- हमारे आहार में कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, विटामिन और खनिज प्रमुख पोषक तत्व हैं, साथ ही आहारीय रेशे और जल भी भोजन के आवश्यक घटक हैं।
- कार्बोहाइड्रेट और वसा प्राथमिक ऊर्जा स्रोत है जबकि प्रोटीन शरीर-वर्धक पोषक तत्व है।
- विटामिन और खनिज शरीर को मजबूत बनाते हैं, संक्रमण से बचाते हैं और स्वस्थ रखते हैं।
- ऐसा आहार जिसमें शरीर की समुचित वृद्धि और विकास के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व, रूक्षांश और जल सही मात्रा में हो, संतुलित आहार कहलाता हैं।
- ऐसे खाद्य पदार्थ जिनमें शर्करा और वसा की मात्रा उच्च तथा प्रोटीन, खनिज, विटामिन और आहारीय रेशे कम मात्रा में होते हैं, अस्वास्थ्यप्रद खाद्य (जंकफूड) कहलाते हैं।
- स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार लेना और जंकफूड से परहेज करना आवश्यक है।
- लंबे समय तक हमारे आहार में एक या अधिक पोषक तत्त्वों की कमी से रोग या विकार हो सकते हैं।
- मिलेट को मोटा अनाज ( पोषक अनाज) कहते हैं क्योंकि ये हमारे शरीर को सामान्य कार्य करने के लिए आवश्यक मात्रा में पोषक तत्त्व प्रदान करते हैं।
- स्थानीय स्तर पर उगाया हुआ तथा पौधों से प्राप्त खाद्य पदार्थों का सेवन शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ हमारे पर्यावरण और हमारे ग्रह (पृथ्वी) के लिए भी अच्छा है।
- किसी खाद्य पदार्थ द्वारा उसके उत्पादन के स्थान से उपभोक्ता तक तय की गई कुल दूरी को उसका खाद्य मील (फूड माइल) कहते हैं।
Leave a Reply